गोविंदपुर में पूर्व जिप सदस्य पर फायरिंग का आरोप, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के खड़काबाद में दीपावली के शुभ अवसर पर मां काली की पूजा और मेले के दौरान फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया।
आरोप है कि इस दौरान पूर्व जिला परिषद सदस्य अब्दुल मन्नान और उनके परिजनों के बीच विवाद के बाद हवाई फायरिंग की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अब्दुल मन्नान, उनका बेटा और साला मुशर्रफ आलम उर्फ़ शेरू मेले में हथियार लेकर पहुंचे थे। जब पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसी बीच मुशर्रफ आलम ने बंदूक से लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी।
फायरिंग होते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान दो लोग घायल हुए हैं, जबकि एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को धनबाद के SNMMCH अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूर्व जिप सदस्य अब्दुल मन्नान को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बंदूक भी जब्त कर ली है।
घटना के संबंध में डीएसपी मुख्यालय-1 शंकर कामती ने बताया कि
“घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। जांच जारी है कि जब्त की गई बंदूक लाइसेंसी है या नहीं। घायलों को गोली लगी है या वे भीड़ की अफरातफरी में जख्मी हुए हैं, इसका भी पता लगाया जा रहा है। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और पूरे मामले की छानबीन जारी है।