धनसार में छात्र के अपहरण का प्रयास नाकाम — छात्र गौरव भट्टाचार्य की सूझबूझ से टली बड़ी वारदात
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद। जिले के धनसार थाना क्षेत्र के बेड़ाकोलियरी स्थित बीएलएन पब्लिक स्कूल में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना घटी, जहां एक छात्र को अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण करने का प्रयास किया, लेकिन छात्र की समझदारी और साहसिक कदम से बड़ी वारदात टल गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र गौरव भट्टाचार्य (निवासी – आमटाल) रोजाना की तरह मंगलवार सुबह करीब 11 बजे स्कूल वैन से स्कूल पहुंचा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे पकड़कर खींचने की कोशिश की। आरोपी ने टोपी और चेहरे पर रूमाल पहन रखा था, जिससे पहचान छिपी रही। बताया जा रहा है कि पास की झाड़ियों में एक संदिग्ध वैन भी खड़ी थी, जबकि एक दूसरा युवक नीली शर्ट पहनकर मोटरसाइकिल पर था।
गौरव ने हिम्मत दिखाते हुए अपहरणकर्ता के हाथ को दांत से काट लिया और खुद को छुड़ाकर वहां से भाग निकला। वह करीब दो किलोमीटर दूर झाड़ियों में छिप गया, जिससे उसकी जान बच गई। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से गौरव को सुरक्षित स्कूल लाया गया।
घटना की जानकारी स्कूल प्राचार्य ने तुरंत छात्र के पिता आशीष भट्टाचार्य और धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोहर करमाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने छात्र, परिजनों और स्कूल प्रबंधन से पूछताछ की। फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है।
धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने मीडिया से कहा —
“सूचना मिली थी कि स्कूल के बाहर से एक छात्र को किडनैप करने का प्रयास किया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची है, आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है। परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”