
धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने शनिवार को बैंक मोड़ थाना और टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित टीओपी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का जायजा लिया और पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों से कामकाज की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने थाना के अभिलेख, केस डायरी, FIR रजिस्टर, मालखाना, हाजत समेत साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादित करने, अपराधियों के सत्यापन की प्रक्रिया तेज करने और हर फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनने का निर्देश दिया।
दिए गए प्रमुख निर्देश :
पर्व-त्योहार व दुर्गा पूजा को देखते हुए बाजार, मॉल और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाई जाए।
थाना क्षेत्र के सभी बैंक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच हो।
गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दिया जाए।
थाना परिसर की साफ-सफाई और पुलिसकर्मियों के शालीन व्यवहार पर विशेष ध्यान दिया जाए।
एसएसपी ने साफ कहा कि काम में लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाह कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई होगी।
टीओपी निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां की साफ-सफाई सुधारने और सड़क किनारे जब्त वाहनों को व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश भी दिए।