दामोदर नदी में नहाने गईं पांच युवतियां डूबीं, एक की मौत, एक लापता, तीन को बचाया गया

दामोदर नदी में नहाने गईं पांच युवतियां डूबीं, एक की मौत, एक लापता, तीन को बचाया गया

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

झरिया में करमा पूजा के अवसर पर दामोदर नदी में स्नान करने गई पांच युवतियां अचानक तेज बहाव में डूब गईं। इस हादसे में तीन युवतियों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक की मौत हो गई और दूसरी अब भी लापता है।

घटना झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भौरा बाई क्वार्टर की है। जानकारी के अनुसार पांच युवतियां करमा पूजा के अवसर पर दामोदर नदी के घाट पर स्नान करने पहुंची थीं। नहाने के दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और पांचों युवतियां उसमें फंसकर डूबने लगीं।

स्थानीय मछुआरों और लोगों की तत्परता से तीन युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं दो युवतियां पानी की तेज धारा में बह गईं।

डूबी हुई युवतियों में से एक की पहचान रुकमानी कुमारी के रूप में हुई। वह बहते हुए मोहलबनी घाट तक पहुंच गई थी। सुदामडीह पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दूसरी युवती संध्या कुमारी अब भी लापता है। उसकी तलाश के लिए प्रशासन और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय निवासी उमेश यादव ने बताया कि अचानक नदी का बहाव तेज हो जाने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

करमा पूजा के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। अब सबकी निगाहें प्रशासन की तलाशी अभियान पर टिकी हैं।

 

About Author

error: Content is protected !!