एसएसपी ने किया सीबीआई निदेशक का स्वागत, अधिकारियों संग होगी अहम समीक्षा बैठक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सोमवार को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) के निदेशक जनरल प्रवीण सूद का धनबाद आगमन पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन भी मौजूद रहे।
सीबीआई निदेशक दो दिवसीय दौरे पर देवघर से सड़क मार्ग होते हुए धनबाद पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले कार्मिक नगर स्थित सीबीआई कार्यालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।
अपने दौरे को लेकर निदेशक प्रवीण सूद ने कहा कि यह उनकी देशभर में चल रही 72 शाखाओं के निरीक्षण अभियान का हिस्सा है। उनका उद्देश्य है कि वे हर शाखा में जाकर स्थानीय परिस्थितियों और अधिकारियों को दरपेश चुनौतियों को समझें।
सीबीआई निदेशक के आगमन पर रांची जोन के ज्वाइंट डायरेक्टर राजीव रंजन भी धनबाद पहुंचे। निदेशक विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें जांच की प्रगति, कार्यप्रणाली और आगे की रणनीतियों पर चर्चा होगी।
ज्ञात हो कि धनबाद को देश की कोयला राजधानी कहा जाता है, जहां अवैध खनन, वित्तीय अपराध और भ्रष्टाचार जैसे मामलों में सीबीआई की अहम भूमिका रही है। ऐसे में सीबीआई निदेशक का यह दौरा प्रशासनिक व जांच दोनों दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि प्रवीण सूद 1986 बैच के कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वे मई 2023 से सीबीआई निदेशक के पद पर कार्यरत हैं और हाल ही में उन्हें केंद्र सरकार द्वारा एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया है।