दिनदहाड़े लूट से दहला आसनसोल: हथियार के बल पर अपराधियों ने 11 लाख रुपये लूटे, जांच में जुटी पुलिस
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आसनसोल:
शहर में अपराधियों ने दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना आसनसोल साउथ पीपी अंतर्गत फतेहपुर स्थित जीटी रोड की है, जहां हथियार से लैस बदमाशों ने एक व्यवसायी के कर्मियों से करीब 11 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, नियामतपुर के आटा कारोबारी राकेश जुलानिया के कर्मचारी कलेक्शन का पैसा लेकर लौट रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और हथियार दिखाकर रुपये से भरा बैग छीन लिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि लोग कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल साउथ पीपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस कर्मियों ने पीड़ित कर्मचारियों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों में इस तरह की कोई बड़ी लूट की घटना नहीं हुई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अपराधियों की पहचान और भागने के रास्ते का सुराग मिल गया है। जल्द ही कार्रवाई की उम्मीद है।