धनबाद 8 लेन रोड से शराब दुकानों को हटाने की मांग तेज़, सहायक उत्पाद आयुक्त से मिले समाजसेवी गौतम मंडल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद:
धनबाद के बहुचर्चित 8 लेन रोड पर स्थित शराब दुकानों को हटाने की मांग को लेकर समाजसेवी गौतम कुमार मंडल के नेतृत्व में ह्यूमैनिटी हेल्पिंग हैंड्स संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने सहायक उत्पाद आयुक्त श्री राम लीला रवानी से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने हस्ताक्षरित आवेदन सौंपते हुए मांग की कि मेमको मोड़, गोल बिल्डिंग मोड़, बिनोद बिहारी महतो चौक और शक्ति चौक जैसे व्यस्त चौराहों पर स्थित शराब दुकानों को जल्द से जल्द रिहायशी इलाकों से दूर स्थानांतरित किया जाए।
समाजसेवी गौतम मंडल ने कहा कि इन दुकानों के कारण शाम होते ही क्षेत्र में शराबियों और मनचलों की भीड़ जमा हो जाती है, जिससे आए दिन जाम, सड़क हादसे और शांति भंग जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आवाजाही में दिक्कत होती है, वहीं स्थानीय लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस संबंध में सहायक उत्पाद आयुक्त राम लीला रवानी ने बताया कि धनबाद सांसद श्री ढुलू महतो, उपायुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर 8 लेन रोड की दुकानों को हटाकर 200 मीटर दूर अन्य सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जा रही है। आगामी नई शराब नीति के तहत इस दिशा में सख्त प्रावधान लागू किए जाएंगे।
गौतम मंडल ने जिला प्रशासन से अपील की कि जब तक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक इन दुकानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और चौक-चौराहों पर ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर सख्ती बरती जाए।
इस दौरान अंकित मंडल, रणजी मंडल, सचिन कुमार, राहुल समेत कई स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।