कुख्यात चोर धीरज जालान का नेटवर्क ध्वस्त, SSP क्या बोले

रांची : राजधानी रांची में बाइक चोर गिरोह का खुलासा हुआ है। कुख्यात चोर धीरज जालान सहित 11 शातिर चोरों को रांची की लालपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें मास्टरमाइंड धीरज जालान के अलावा हर्ष कुमार, ब्रजेश सिंह, रोहित दास, रामू सिंह, नितेश साहू, करमचंद साहू देवगन गोप, विष्णु गोप, भरत कुमार विष्णु कुमार और घुरन प्रधान शामिल हैं। कुख्यात चोर धीरज जालान के खिलाफ पुलिस फाइल में करीब 39 मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार चोरों की निशानदेही पर 6 बुलेट, एक पल्सर बाइक, एक स्कूटी, एक लाख 74 हजार 410 रुपये कैश, विदेशी मुद्रा, विभिन्न कंपनी के 11 पीस लैपटॉप, 39 पीस एंड्रॉइड फोन, 56 पीस की-पैड मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद किये गये। राजधानी रांची के अलग-अलग इलाकों से बेखटके बाइक और अन्य सामान टपा देना इस गिरोह की फितरत है। इस गिरोह के लोगों को दबोच कर पुलिस ने कुख्यात चोर धीरज जालान के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। इस बात का खुलासा आज DIG सह रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा ने किया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

SSP चंदन कुमार सिन्हा ने मीडिया को बताया कि बीते 28 मार्च को एक कांड के अनुसंधान के क्रम में CCTV फुटेज को खंगाला गया। इसके बाद हर्ष कुमार नाम के एक लड़के को पुलिस ने उठा लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना मुंह खोला और राज उगलना शुरु किया। पुलिस को दिये अपने बयान में हर्ष ने कई चौंकाने वाले खुलासे किये। उसने बताया कि धीरज जालान के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया करता था। धीरज जालान का घर रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के गाड़ीखाना चौक के पास है। चोरी की गयी गाड़ियों को गुमला के लड़कों की मदद से बेचा जाता था। पुलिस ने रेड मारकर धीरज जालान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर उनके घर से दो बुलेट और गुमला से चार बुलेट जब्त किया गया। धीरज जालान नक्सलियों को भी गाड़ियां सप्लाई करता था। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के बाकी 9 लोगों को भी अरेस्ट कर लिया गया। वहीं, ढेर सारे चोरी के सामान जब्त कर लिये गये। सुनें क्या बोले DIG सह पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा…

About Author

error: Content is protected !!