हज़ारीबाग़ : पैसों के लेनदेन के चक्कर में पहले खूब बवाल हुआ। बात खून खराबे तक पहुंच गई। दो युवकों पर चाकू से वार कर उन्हें बुरी तरह लहुलूहान कर दिया गया। यह दुस्साहसिक वारदात हजारीबाग के बड़कागांव से सामने आई है। बीती शाम यहां मुख्य चौक पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने दो युवकों चंदन गोप(23) और ललन गोप(18) को चाकू मार दिया। ललन को बाय पसली में चाकू लगा जबकि चंदन को पीठ में चाकू मारा गया। घटना के बाद अपराधी भागने में कामयाब रहे। आनन फानन में दोनों जख्मी युवकों को बड़कागांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें हजारीबाग रेफर कर दिया गया। दोनों युवक बड़कागांव के पिपराडीह गांव के रहने वाले हैं। खबर पाकर बड़कागांव के थानेदार नेमधारी रजक, SI आशीष भगत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। चश्मदीदो ने पुलिस को बताया कि हजारीबाग की तरफ से काले रंग की स्कॉर्पियो में चार-पांच लोग आये। पहले दोनों पक्षों में बाता बाती, धक्का मुक्की हुई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। वहीं जख्मी युवक चंदन गोप ने पुलिस को बयान देते हुए बताया कि कटकमदाग थाना क्षेत्र के रेवाली गांव के राजा, शिवम, रोहित और गोल्डन ने बकाया 16 हजार रुपये के चलते घटना को अंजाम दिया है। जख्मी और चश्मदीदों के बयान पर बड़कागांव पुलिस जांच में जुट गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!