तालाब में नहाने के दौरान दो बच्चों की डूब के मौत,गांव में पसरा सन्नाटा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
झारखंड : जामताड़ा के कर्माटांड़ थाना अंतर्गत कठबरारी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है। जहां तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। जिसकी खबर मिलते ही गांव में सनसनी मच गई,साथ ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार बीते दिन गांव के हीरालाल मंडल की बहू जिनके दो मासूम बच्चे थे,जिसमे से एक 3 साल की बच्ची और 5 साल के पुत्र था,जिनको वह अपने साथ में लेकर गांव के बूढ़ा तालाब के नाम से चर्चित पोखरा में नहाने गई थी। जब महिला पोखरा में नहाने लगी और दोनों बच्चे वहीं खेल रहे थे। महिला अपने नहाने और कपड़ा धोने में व्यस्त थी,तभी दोनों मासूम बच्चों का पैर फिसल जाने से तालाब के गहरे पानी में समा गए।जिसका महिला को अहसास ही नहीं हुआ कि दोनों बच्चे डूब गए हैं। जब उसने आसपास देखा तो बच्चे नहीं दिखे,जिसके बाद वो अपने बच्चों को खोजने लगी,काफी खोजबीन करने पर भी उनका कही पता नहीं चला। बाद में जब गांव की महिलाओं ने दोनों बच्चों का शव पानी के ऊपर तैरते देखा तो यह खबर गांव में पूरी तरह फैल गई। जिसके बाद गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों मासूम बच्चों के शव को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से निकाला और पोस्टमार्टम की कार्यवाही कर परिजनों को सौंप दिया। वही ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से गांव में सभी लोग दुखी हैं। साथ ही उनलोगों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग भी की है। इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है और मृत बच्चों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। दूसरी ओर पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।