बरवाअड्डा में नकली शराब का बड़ा खुलासा, 335 पेटियों में मिली 16,080 बोतलें

बरवाअड्डा में नकली शराब का बड़ा खुलासा, 335 पेटियों में मिली 16,080 बोतलें

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बकरी शेड में छिपाकर रखी गई थी करीब 25 लाख रुपये की नकली अंग्रेजी शराब, बिहार भेजने की थी तैयारी; कारोबारी फरार

धनबाद: जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मरिचो पंचायत के कांडालागा गांव में छापेमारी कर एक घर के पीछे बने बकरी शेड से भारी मात्रा में नकली शराब जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर शाम बरवाअड्डा पुलिस की टीम ने कांडालागा गांव में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान बकरी शेड में छिपाकर रखी गई 335 पेटी नकली अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

इन पेटियों में कुल 16,080 बोतल शराब मिली है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब को बिहार भेजने की तैयारी की जा रही थी।

पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुआ कारोबारी

पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही कथित शराब कारोबारी सुनील रजक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

डीएसपी ने दी मामले की जानकारी

गुरुवार को बरवाअड्डा थाना में मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार बिनोद ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बरामद शराब की जांच की जा रही है। साथ ही अवैध शराब के इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About Author

error: Content is protected !!