मोबाइल लाने पर छात्र की पिटाई का आरोप, वीडियो वायरल; स्कूल प्रबंधन ने जांच के दिए आदेश

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र के श्यामडीह स्थित एक विद्यालय में कक्षा 10 के छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। छात्र के पिता सुभाष कुमार हांसदा ने आरोप लगाया है कि स्कूल में मोबाइल फोन ले जाने के कारण खेल शिक्षक ने उनके बेटे की बेरहमी से पिटाई की।

पीड़ित छात्र के पिता का कहना है कि यदि उनके बेटे से विद्यालय के नियमों का उल्लंघन हुआ था, तो इसकी सूचना अभिभावकों को दी जानी चाहिए थी। उनका आरोप है कि छात्र के साथ मारपीट करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रशासन ने छात्र का मोबाइल पहले ही जब्त कर लिया था, इसके बावजूद उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई।

वहीं, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि स्कूल परिसर में मोबाइल फोन लाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि छात्र द्वारा मोबाइल के दुरुपयोग की शिकायत मिली थी। पूछताछ के दौरान छात्र ने मोबाइल होने से इनकार किया, लेकिन जांच के दौरान उसके बैग से मोबाइल बरामद हुआ।

प्रभारी प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि छात्र की पिटाई की जानकारी उन्हें पहले नहीं थी। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी शिक्षक की गलती सामने आती है, तो विद्यालय प्रबंधन नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेगा।

फिलहाल, मामला जांच के अधीन है और विद्यालय प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया है।

About Author

error: Content is protected !!