धनबाद: भूली ओपी क्षेत्र में गुरुवार देर शाम चोरी के मामले में छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। इस हमले में भूली ओपी के सब-इंस्पेक्टर (SI) हरिप्रकाश मिश्रा घायल हो गए। घायल अधिकारी को तत्काल इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, पुलिस एक संदिग्ध चोर की निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भूली क्षेत्र में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद बदमाशों ने पुलिस टीम को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। हमले के बाद पूरे इलाके में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है। हमले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।