जमशेदपुर SSP पीयूष पांडे और सरायकेला SP हटाए गए, कानून-व्यवस्था पर CM हेमंत सोरेन का बड़ा एक्शन

रांची: झारखंड सरकार ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार देर रात सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के SSP पीयूष पांडे और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है। दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि संबंधित अधिकारियों के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित नहीं कर पाने के कारण यह निर्णय लिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चाईबासा के आयुक्त और रांची के ADG को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार कैंप कर प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। वहीं जमशेदपुर के DIG को क्षेत्र में रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जवाबदेही तय करने में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। सरकार के इस फैसले को राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।