धनबाद में हेलमेट थीम वाले अत्याधुनिक ट्रैफिक पोस्ट का उद्घाटन, एसएसपी प्रभात कुमार ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

गोल बिल्डिंग के पास बना अनोखा ट्रैफिक पोस्ट, रैपिडो के सहयोग से तैयार; हेलमेट पहनने के प्रति लोगों को करेगा जागरूक

धनबाद: सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने की दिशा में धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने एक अनोखी पहल की है। गोल बिल्डिंग के समीप हेलमेट की थीम पर बने अत्याधुनिक ट्रैफिक पोस्ट का उद्घाटन शनिवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

उद्घाटन के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि हेलमेट केवल एक नियम नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, क्योंकि सड़क दुर्घटनाओं में यह सिर को गंभीर चोटों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पोस्ट को विशेष पॉलिमर सामग्री और मजबूत ग्लास से तैयार किया गया है। इसकी डिजाइन ऐसी है कि गर्मी के मौसम में यह अपेक्षाकृत ठंडा और सर्दी में गर्म रहेगा, जिससे ट्रैफिक कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।
एसएसपी ने बताया कि इस ट्रैफिक पोस्ट के निर्माण में रैपिडो कंपनी का सहयोग मिला है। कंपनी ने सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत यह सुविधा ट्रैफिक पुलिस को उपलब्ध कराई है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हेलमेट के आकार में बना यह ट्रैफिक पोस्ट न केवल शहर की नई पहचान बनेगा, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और ट्रैफिक नियमों के पालन को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एसएसपी प्रभात कुमार: “हेलमेट पहनना ही सड़क सुरक्षा की पहली शर्त है। यह आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। सभी दोपहिया वाहन चालक हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं।”