Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कतरास (धनबाद): धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलाटांड बारूद घर के समीप बड़े पैमाने पर कथित रूप से अवैध कोयला कारोबार संचालित होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों और सूत्रों का आरोप है कि यहां एक अवैध कोयला डिपो के माध्यम से चोरी के कोयले का भंडारण एवं दूसरे राज्यों में परिवहन किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, बीसीसीएल के बंद पड़े मुहानों एवं विभिन्न डंपों से मोटरसाइकिलों के जरिए कोयला लाकर तिलाटांड स्थित डिपो में जमा किया जाता है। इसके बाद मजदूरों की सहायता से कोयले को ट्रकों में लोड कर बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भेजा जाता है।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि जिस जमीन पर यह कारोबार संचालित हो रहा है, उसका मालिक नरेश नामक व्यक्ति है। हालांकि इस संबंध में प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि डिपो में वर्तमान समय में लगभग 200 टन कोयले का भंडारण किया गया है। मौके पर एक ट्रक संख्या JH10BS3563 में कोयला लोड किया जा रहा था, जबकि एक अन्य ट्रेलर वाहन अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। दिनदहाड़े ट्रकों में कोयला लोड होने की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिससे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
सूत्रों की मानें तो इस डिपो से प्रतिदिन 4 से 5 ट्रकों में कोयला भरकर विभिन्न राज्यों में भेजा जाता है। ऐसे में थाना से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर कथित रूप से बड़े पैमाने पर अवैध कारोबार संचालित होने को लेकर कतरास पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
गौरतलब है कि कतरास पुलिस समय-समय पर वाहन जांच अभियान चलाने तथा बाइक सवारों के खिलाफ कार्रवाई करने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करती रही है। ऐसे में क्षेत्र में कथित अवैध कोयला कारोबार के आरोपों ने कई गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
अब देखना यह होगा कि मामला सार्वजनिक होने के बाद कतरास पुलिस और जिला प्रशासन इन आरोपों की जांच कर कोई कार्रवाई करते हैं या नहीं। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।