भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई पर जानलेवा हमला, झरिया में चाकू-भुजाली से वार, हालत गंभीर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जामाडोबा में दुकान से लौट रहे जमेंद्र राय पर घात लगाकर हमला, निजी अस्पताल में भर्ती; पुलिस जांच में जुटी
धनबाद: झरिया क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। भाजपा धनबाद जिला अध्यक्ष श्रवण राय के भाई जमेंद्र राय पर शुक्रवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। चाकू, भुजाली और लाठी-डंडों से किए गए हमले में जमेंद्र राय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, जमेंद्र राय की जामाडोबा चार नंबर में सीमेंट की दुकान है। शुक्रवार रात वह तगादा कर अपनी दुकान की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि अपराधियों ने चाकू, भुजाली और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल झरिया स्थित लाइफ लाइन अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक तौर पर हमले के पीछे पुरानी रंजिश, लेन-देन या अन्य किसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हमले के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है।
इधर, घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।