गोविंदपुर में प्रेम विवाह बना दर्द की कहानी, पति पर मारपीट और कई शादियां रचाने का आरोप

गोविंदपुर में प्रेम विवाह बना दर्द की कहानी, पति पर मारपीट और कई शादियां रचाने का आरोप

गोविंदपुर/धनबाद: प्रेम विवाह के बाद सुखद वैवाहिक जीवन के सपने देखने वाली एक युवती की जिंदगी कथित तौर पर प्रताड़ना और धोखे का शिकार हो गई। कोलकाता की रहने वाली काजल गुप्ता (26 वर्ष) ने धनबाद के गोविंदपुर थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पति कृष्ण अग्रवाल पर मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता काजल गुप्ता ने अपने आवेदन में बताया है कि उनका विवाह 2 फरवरी 2020 को गोविंदपुर निवासी कृष्ण अग्रवाल के साथ धनबाद के एक मंदिर में प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। दोनों ने अपनी इच्छा से शादी की थी और वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की थी।

काजल का आरोप है कि शादी के महज दो महीने बाद ही पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और अक्सर मारपीट की जाती थी। हालात इतने खराब हो गए कि उन्हें अपनी सुरक्षा को देखते हुए ससुराल छोड़कर वापस मायके जाना पड़ा।

पीड़िता के अनुसार, मायके लौटने के बाद आरोपी पति ने लगभग छह वर्षों तक उनसे कोई संपर्क नहीं किया। इस दौरान जब उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई, तो उन्हें पता चला कि कृष्ण अग्रवाल ने कथित तौर पर दूसरी शादी कर ली है और उसका एक बच्चा भी है। इतना ही नहीं, पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि आरोपी ने दो से तीन शादियां रचा रखी हैं।
काजल गुप्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि वह अब अपना शेष जीवन शांति और सम्मान के साथ जीना चाहती हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि भविष्य में उनके साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना, धमकी या दुर्व्यवहार हो सकता है। ऐसे में उन्होंने गोविंदपुर पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने और किसी भी तरह की घटना होने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल गोविंदपुर पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!