महुदा के जंगल से हलीम शेख का शव बरामद, गला रेतकर हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

महुदा (धनबाद): महुदा थाना क्षेत्र के कुलटांड़ काली मंदिर के समीप जंगल से एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भूरंगिया बस्ती निवासी हलीम शेख के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी महुदा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पवन पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
परिजनों के अनुसार, हलीम शेख दोपहर में भोजन करने के बाद घर से निकले थे। इसके कुछ समय बाद परिवार को सूचना मिली कि उनका शव जंगल में पड़ा हुआ है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे तीन बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। वह एक बक्सा दुकान में काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक हत्या की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों तक पहुंच पाती है।
रिपोर्ट: सुल्तान खान, बाघमारा