सरायढेला पुलिस की बड़ी सफलता, छिनतई के दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

सरायढेला पुलिस की बड़ी सफलता, छिनतई के दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र में महिला से छिनतई की घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से छीना गया पर्स, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि सोमवार शाम करीब 4:40 बजे सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार को सूचना मिली कि बिना नंबर की पल्सर एनएस-125 बाइक पर सवार दो युवकों ने राजगंज निवासी जोशना देवी का लेडीज पर्स छीन लिया और फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर रजनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा शुरू किया। बलियापुर जाने वाली सड़क पर पीड़िता ने दोनों युवकों की पहचान की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेलगड़िया निवासी करण कुमार वर्मा और चंदू कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है। हादसे में चंदू कुमार विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर एनएस-125 मोटरसाइकिल, एक लाल रंग का लेडीज पर्स, जिसमें 4,500 रुपये नकद थे, तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे अन्य छिनतई की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!