महिला ने लगाया धमकी और प्रताड़ना का आरोप, परिवार की सुरक्षा की लगाई गुहार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दर्ज केस के बावजूद आरोपी पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप, पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
धनबाद के रणधीर वर्मा चौक स्थित गांधी सेवा सदन में आयोजित प्रेस वार्ता में चासनाला साउथ कॉलोनी निवासी सुनीता देवी ने खुद और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला थाना में मामला दर्ज कराने के बावजूद आरोपी पक्ष लगातार उन्हें और उनके बेटों को धमका रहा है।
सुनीता देवी ने बताया कि उन्होंने 6 नवंबर 2025 को धनबाद महिला थाना में जयप्रकाश राय के खिलाफ कांड संख्या 19/2025 दर्ज कराया था। उनका कहना है कि मामले से जुड़ा कथित कबूलनामा और धमकी वाला वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी और उसके सहयोगी लगातार अभद्र टिप्पणी और धमकी दे रहे हैं।
महिला के अनुसार आरोपी खुलेआम यह कहता है कि पुलिस और कोर्ट उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकते। उन्होंने दावा किया कि आरोपी की जमानत याचिका धनबाद कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट दोनों जगह से खारिज हो चुकी है, फिर भी वह खुलेआम घूम रहा है।
सुनीता देवी ने यह भी आरोप लगाया कि 11 मई को घर लौटने के दौरान उन्हें फिर से केस वापस लेने की धमकी दी गई। जब उनका बेटा शिकायत लेकर पाथरडीह थाना पहुंचा तो वहां एक पुलिस पदाधिकारी ने उसे डराने और केस में फंसाने की बात कही। बाद में सिंदरी एसडीपीओ के हस्तक्षेप पर उनके बेटों को छोड़ा गया।
प्रेस वार्ता के दौरान सुनीता देवी ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।