टुंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अपहृत महिला सकुशल बरामद, आरोपी अनवर अंसारी गिरफ्तार

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: टुंडी थाना क्षेत्र से एक आदिवासी महिला के अपहरण और दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को सकुशल बरामद कर आरोपी अनवर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टुंडी थाना क्षेत्र के कोकराद गांव निवासी लगभग 30 वर्षीय आदिवासी महिला, जो दो बच्चों की मां है, की पहचान बिसनीपतरा निवासी अनवर अंसारी (35 वर्ष) से पहले से थी। आरोपी अनवर अंसारी, जो तीन बच्चों का पिता बताया जा रहा है, ने महिला को इलाज कराने के बहाने 5 मई को गोविंदपुर बुलाया।

आरोप है कि वहां से वह महिला को अपने साथ चाईबासा ले गया और कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के सुनसान जंगल स्थित एक घर में तीन दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करता रहा।

इसी दौरान पीड़िता ने किसी तरह मौका पाकर दूरभाष के माध्यम से अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजनों ने टुंडी पुलिस से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवर निरीक्षक अगनू मुंडा एवं सहायक अवर निरीक्षक अनीता देवी के नेतृत्व में एक विशेष टीम चाईबासा रवाना की।

पुलिस टीम ने छापेमारी कर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया तथा आरोपी अनवर अंसारी को गिरफ्तार कर टुंडी थाना ले आई।

टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About Author

error: Content is protected !!