झारखंड में 9-10 मई को तेज हवा के साथ होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

झारखंड में 9-10 मई को तेज हवा के साथ होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रांची : साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य में 13 मई तक बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई है। इसे लेकर कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 8 मई को राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अन्य जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। साथ ही वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं 9 और 10 मई को मौसम और अधिक खराब हो सकता है। रांची, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, लोहरदगा और गुमला समेत राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राज्य के बाकी हिस्सों में भी तेज हवा और बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 13 मई तक पूरे झारखंड में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और दिन में उमस भरी गर्मी के बाद दोपहर या शाम में बारिश हो सकती है।
गुरुवार को राजधानी रांची में दिनभर तेज धूप रहने के बाद दोपहर बाद कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। वहीं राज्य में सबसे अधिक 14 मिमी बारिश पूर्वी सिंहभूम जिले में रिकॉर्ड की गई।
तापमान की बात करें तो गुरुवार को कई जिलों में गर्मी बढ़ी। रांची का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

About Author

error: Content is protected !!