धनबाद दौरे पर आईजी शैलेन्द्र सिन्हा, अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’ का निर्देश, पुलिस अधिकारियों संग की हाई-लेवल समीक्षा बैठक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
साइबर अपराध, संगठित गिरोह और महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस, तकनीकी निगरानी और नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश

धनबाद: उत्तरी छोटा नागपुर प्रक्षेत्र (बोकारो) के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे। उनके आगमन पर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान पुलिस बल द्वारा आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
धनबाद पहुंचने के बाद आईजी ने समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में जिले के सभी वरीय एवं क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनके कार्यक्षेत्र, संसाधनों और क्षेत्रीय चुनौतियों की विस्तृत जानकारी ली।

अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’
आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाए। लंबित मामलों के निष्पादन, वारंट की तामील, गश्ती व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
संवेदनशील मामलों पर सख्ती
बैठक में संगठित अपराध, साइबर अपराध और महिला व बच्चों से जुड़े मामलों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इन मामलों में त्वरित जांच और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
तकनीकी निगरानी और समन्वय
आईजी ने सीसीटीवी नेटवर्क को मजबूत करने, खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। साथ ही, रात में गश्ती बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
एसएसपी के कार्यों की सराहना
आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में धनबाद पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया और आगे भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखने का निर्देश दिया।
जनता से संवाद बढ़ाने पर जोर
उन्होंने पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर त्वरित समाधान किया जाए।
बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव समेत जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी उपस्थित रहे।