धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई,
दुबई से आया प्रिंस खान गैंग का ‘मेजर’ गिरफ्तार, कोलकाता एयरपोर्ट पर दबोचा गया

धनबाद/कोलकाता:संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के करीबी सहयोगी सैफी उर्फ ‘मेजर’ को दुबई से भारत लाए जाने के बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को रविवार शाम तक धनबाद लाया जाएगा, जहां उससे गैंग के नेटवर्क, फंडिंग और रंगदारी से जुड़े मामलों में गहन पूछताछ होगी।
पुलिस के अनुसार, ‘मेजर’ झारखंड के व्यापारियों के बीच दहशत का बड़ा नाम था। वह प्रिंस खान के इशारे पर कारोबारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने और हवाला के जरिए पैसे विदेश भेजने का काम संभालता था।
एसएसपी प्रभात कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी और जैसे ही उसे दुबई से भारत लाया गया, कोलकाता एयरपोर्ट पर टीम ने उसे दबोच लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस खान ने अपना ठिकाना दुबई से बदलकर पाकिस्तान कर लिया है। ऐसे में इस गिरफ्तारी से गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को लेकर कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
पुलिस ने इसे संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी बताया है।