जोड़ापोखर हत्याकांड का खुलासा: प्रेम प्रसंग बना कत्ल की वजह, 2 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग हिरासत में

जोड़ापोखर हत्याकांड का खुलासा: प्रेम प्रसंग बना कत्ल की वजह, 2 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग हिरासत में

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पत्नी और दुकान के स्टाफ के बीच संबंध से उपजा विवाद, सुनसान जगह पर बुलाकर मारी गोली

धनबाद के झरिया स्थित जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश की चौंकाने वाली कहानी सामने आई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।

धनबाद। झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में 12 अप्रैल की रात हुए हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि भूलन बीसीसीएल मैगजीन के पास ओबी डंप क्षेत्र में जेलगोरा निवासी मो. शमीम अंसारी उर्फ गुड्डु सेठ (36) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
घटना के बाद मृतक की पत्नी के बयान पर मामला दर्ज किया गया था। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच में जो खुलासा हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला था। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी और उसकी दुकान में काम करने वाले मो. अलबक्श अंसारी उर्फ सिद्धू के बीच प्रेम संबंध थे। इसी संबंध को लेकर विवाद बढ़ा और हत्या की साजिश रची गई।
योजना के तहत 12 अप्रैल की रात सिद्धू ने गुड्डु सेठ को बहाने से सुनसान जगह पर बुलाया और पीछे से गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सिद्धू और उसके सहयोगी शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल 7.65 एमएम की देसी पिस्तौल, एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

About Author

error: Content is protected !!