जामताड़ा के सदर अस्पताल से एक बेहद सुखद खबर सामने आई है, जहां एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है। खास बात यह है कि तीनों बच्चों का जन्म सामान्य (नॉर्मल) डिलीवरी के जरिए हुआ।
प्रसूता की पहचान आरती कुमारी तुरी के रूप में हुई है, जो जामताड़ा थाना क्षेत्र के पंजनिया गांव की निवासी हैं। उनके पति का नाम राजेश मिर्धा है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 5:00 बजे आरती ने अस्पताल में दो बेटों और एक बेटी को जन्म दिया।
स्थानीय सहिया दया रानी दत्त के अनुसार, प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद आरती को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम की देखरेख में सफल प्रसव कराया गया।
डॉक्टरों ने जानकारी दी कि सबसे पहले बेटी का जन्म हुआ, इसके बाद दो बेटों का। फिलहाल माँ पूरी तरह स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं। वहीं तीनों नवजातों को एहतियातन SNCU (Special Newborn Care Unit) में रखा गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है।
इस घटना के बाद परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं अस्पताल प्रबंधन भी लगातार माँ और बच्चों की सेहत पर नजर बनाए हुए है।