धनबाद में फर्जी किन्नरों पर कार्रवाई की मांग, किन्नर समाज ने उठाई आवाज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद: रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में फर्जी किन्नरों द्वारा यात्रियों से अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार के मामलों को लेकर किन्नर समाज ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस संबंध में झारखंड सरकार के किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य सुनैना सिंह किन्नर ने धनबाद रेल मंडल के एडीआरएम मुकेश कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि हाल के दिनों में कुछ पुरुष किन्नरों का भेष धारण कर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों से जबरन पैसे वसूल रहे हैं और उनके साथ बदसलूकी कर रहे हैं। इस तरह की घटनाओं से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं असली किन्नर समाज की छवि भी धूमिल हो रही है।
सुनैना सिंह किन्नर ने कहा कि किन्नर समाज वर्षों से अपनी विशिष्ट पहचान और परंपरा के साथ समाज में जीवन यापन करता आ रहा है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इसका दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे फर्जी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने की अपील की। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
वहीं एडीआरएम मुकेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और शिकायतों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।