बोकारो में अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, इरफान अंसारी पर FIR दर्ज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
झारखंड के बोकारो जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग ने नकली विदेशी शराब बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी इरफान अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बोकारो जिला अंतर्गत सियालजोड़ी ओपी थाना क्षेत्र के मूनदनिया बस्ती में गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान चारदीवारी से घिरे एक एस्बेस्टस निर्मित मकान में संचालित अवैध फैक्ट्री का खुलासा हुआ।

छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तैयार नकली विदेशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांड के नकली स्टीकर, ढक्कन, कारमेल और पंचिंग मशीन जैसे उपकरण भी मौके से जब्त किए गए।
जांच में पचौड़ा बस्ती, थाना हरला निवासी इरफान अंसारी (पिता – वारिश अंसारी) की संलिप्तता सामने आई है। आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग में कई मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी अवैध गतिविधियों में लगातार संलिप्तता की पुष्टि होती है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व प्रशिक्षु निरीक्षक विनय कुमार सिंह ने किया। टीम में सन्नी विवेक तिर्की, अमित कुमार गुप्ता, महेश दास सहित उत्पाद विभाग के जवान शामिल रहे।
बोकारो में इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और विभाग ने आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही है।