बोकारो में रंगदार प्रिंस ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
हथियार बरामदगी के दौरान प्रिंस गुप्ता ने चलाई गोली, पुलिस बाल-बाल बची
बोकारो: जिले में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। बालीडीह थाना क्षेत्र के गोड़ाबाली इलाके में हथियार बरामदगी के दौरान एक रंगदार ने पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी प्रिंस गुप्ता घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम प्रिंस गुप्ता को लेकर हथियार बरामद करने गई थी। पूछताछ में उसने पहाड़ी क्षेत्र में हथियार छिपाने की बात कबूली थी। मौके पर एक पिस्टल पुलिस को सौंपने के बाद प्रिंस ने अचानक दूसरे पिस्टल से पुलिस टीम पर गोली चला दी।
इस फायरिंग में पुलिसकर्मी और अधिकारी बाल-बाल बच गए, हालांकि पुलिस वाहन को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें प्रिंस गुप्ता के पैर में गोली लगी।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी हरविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में अमन साहू और प्रिंस खान गिरोह द्वारा व्यवसायियों से रंगदारी मांगने के मामले सामने आए थे। इसी को लेकर एसआईटी का गठन किया गया था।
पुलिस ने इस मामले में अब तक 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस गुप्ता और उसके सहयोगी व्यवसायियों के मोबाइल नंबर गैंग तक पहुंचाते थे, जिसके बाद उन्हें धमकी देकर रंगदारी वसूली जाती थी।
फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।