लोयाबाद कोलडंप में अपराधियों का तांडव: सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर शावेल मशीन की बैट्री लूटी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!15-20 अपराधियों ने देर रात दिया वारदात को अंजाम, एक दिन पहले भी हुई थी चोरी
धनबाद: जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र स्थित बासुदेवपुर कोलडंप में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे 15 से 20 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने सुरक्षा में तैनात गार्डों को बंधक बना लिया और आराम से लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी दिलीप रविदास, रेमन दास, सोनू कुमार विश्वकर्मा और कृष्णा भुईया को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शावेल 1000 मशीन में लगी दो बैटरियां निकालकर फरार हो गए। लूटी गई बैटरियों की कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
घटना के दौरान हथियारबंद अपराधियों के सामने सुरक्षाकर्मी पूरी तरह बेबस नजर आए। इस घटना ने कोलडंप की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस संबंध में बासुदेवपुर कोलियरी के पीओ मानतोष कुंडू ने बताया कि शावेल मशीन की दो बैटरियों की लूट हुई है, जिसकी लिखित शिकायत पुलिस को दी जा रही है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी अपराधियों ने कोलियरी स्टोर से पोल और पाइप की चोरी की थी। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।