कुल्टी में तेज रफ्तार कोयला लदा ट्रक ड्रेन में घुसा, बड़ा हादसा टला
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कुल्टी (पश्चिम बंगाल): कुल्टी थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब कोयले से लदा एक भारी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने ड्रेन में जा घुसा। यह घटना बराकर से कल्याणेश्वरी जाने वाले व्यस्त मार्ग पर हुई, जहां अचानक तेज रफ्तार ट्रक का संतुलन बिगड़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक काफी तेज गति में था और चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रक सड़क छोड़कर सीधे ड्रेन में उतर गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पास में लगा इलेक्ट्रिक पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्रेनेज सिस्टम भी टूट गया।
हादसे के समय जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही कुल्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक की पहचान करने के साथ-साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि या तो चालक नशे में था या फिर ट्रक में ओवरलोडिंग के कारण यह दुर्घटना हुई।