स्कूटी रैली से गूंजा नारी शक्ति का संदेश, नशा मुक्त व बाल विवाह मुक्त झारखंड का लिया संकल्प
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को समाहरणालय से महिलाओं ने भव्य स्कूटी रैली निकालकर नारी शक्ति का संदेश दिया। इस दौरान महिलाओं ने नशा मुक्त और बाल विवाह मुक्त झारखंड बनाने का संकल्प लिया।

रैली को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
करीब 200 से अधिक महिलाओं की भागीदारी वाली यह रैली समाहरणालय से शुरू होकर सिटी सेंटर होते हुए रणधीर वर्मा चौक तक पहुंची। रैली में महिला पुलिसकर्मी, सुपरवाइजर, सीडीपीओ, आंगनबाड़ी सेविका और पोषण सखी सहित विभिन्न विभागों की महिलाएं शामिल हुईं।

रैली को रवाना करने के बाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के अधिकार, समानता और उनके सामाजिक-आर्थिक योगदान के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और संघर्ष के दम पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं बेलगड़िया में 80-80 महिलाओं के समूह बनाकर उन्हें मशरूम की खेती, बांस और जूट उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के बराबर योगदान दे रही हैं। यदि महिलाएं सशक्त होंगी तो परिवार और समाज दोनों मजबूत बनेंगे।
रैली से पहले सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त झारखंड और बाल विवाह मुक्त झारखंड बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
इस मौके पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी साधना कुमारी सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।