रांची में रेस्टोरेंट के अंदर ताबड़तोड़ फायरिंग, वेटर की मौत; भगोड़ा गैंगस्टर प्रिंस खान पर रंगदारी कनेक्शन का शक

रांची में रेस्टोरेंट के अंदर ताबड़तोड़ फायरिंग, वेटर की मौत; भगोड़ा गैंगस्टर प्रिंस खान पर रंगदारी कनेक्शन का शक

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टीटॉस रेस्टोरेंट में घुसकर दो अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें एक वेटर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष गोप के रूप में हुई है, जो रेस्टोरेंट में वेटर का काम करता था।
बताया जा रहा है कि अपराधी रेस्टोरेंट मालिक राजकुमार गोप को निशाना बनाने के इरादे से आए थे। उन्हें पिछले साल 25 दिसंबर को गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। ऐसे में पुलिस इस वारदात को रंगदारी और गैंग कनेक्शन से जोड़कर देख रही है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे दो अपराधी बाइक से रेस्टोरेंट पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि एक आरोपी बाइक स्टार्ट कर बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा अंदर घुसकर फायरिंग करने लगा। हमलावर ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। इसी दौरान एक गोली वेटर मनीष गोप के पेट में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद रेस्टोरेंट में अफरातफरी मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर तेजी से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घायल मनीष गोप को तुरंत राज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा और हटिया डीएसपी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से तीन गोली के खोखे बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और शहर में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
रेस्टोरेंट संचालक राजकुमार गोप ने बताया कि रंगदारी मांगने की शिकायत उन्होंने पहले ही पुलिस से की थी, जिसके बाद कुछ समय के लिए उन्हें पुलिस सुरक्षा भी दी गई थी। हालांकि बाद में बॉडीगार्ड हटा लिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि रंगदारी मांगने के बाद से उन्हें लगातार धमकी भरे फोटो और वीडियो भेजे जा रहे थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और रंगदारी के एंगल से भी वारदात को जोड़कर देखा जा रहा है।

About Author

error: Content is protected !!