धनबाद नगर निगम चुनाव: पूर्व विधायक संजीव सिंह समेत तीन भाजपा नेताओं को नोटिस

धनबाद नगर निगम चुनाव: पूर्व विधायक संजीव सिंह समेत तीन भाजपा नेताओं को नोटिस

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने धनबाद नगर निगम चुनाव में पार्टी लाइन से हटकर चुनाव लड़ने पर कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी ने पूर्व विधायक संजीव सिंह समेत तीन नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
प्रदेश महामंत्री सह राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर यह नोटिस जारी किया। नोटिस में संजीव सिंह के साथ भाजपा कार्यकर्ता मुकेश पांडे और भृगुनाथ भगत को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त बताते हुए एक सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा गया है। स्पष्ट किया गया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पार्टी द्वारा 12 फरवरी को जारी इस पत्र के अनुसार 23 फरवरी को प्रस्तावित मतदान से पहले जवाब देना अनिवार्य है। राजनीतिक हलकों में इसे सख्त कार्रवाई की पूर्व चेतावनी माना जा रहा है।
गौरतलब है कि भाजपा ने धनबाद नगर निगम क्षेत्र से मेयर पद के लिए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव कुमार अग्रवाल को आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है। इसके बावजूद संजीव सिंह, मुकेश पांडे और भृगुनाथ भगत ने नामांकन वापस लेने से इनकार कर दिया और चुनाव मैदान में बने हुए हैं।
संजीव सिंह झरिया के पूर्व विधायक हैं। उनकी पत्नी रागिनी सिंह वर्तमान में झरिया से भाजपा विधायक हैं। वहीं, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भाजपा छोड़ झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण कर ली है और मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशी शांतनु चंद्रा भी पूर्व में भाजपा से जुड़े रहे हैं और त्यागपत्र देने के बाद मैदान में हैं।
धनबाद नगर निगम चुनाव में भाजपा के अंदरूनी असंतोष ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। अब सबकी नजर पार्टी की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

About Author

error: Content is protected !!