जयंत हत्याकांड के चार आरोपी अलग-अलग जेलों में होंगे शिफ्ट
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बोकारो : जयंत सिंह अपहरण एवं हत्या कांड में बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। बोकारो के चास मंडल कारा में बंद चारों आरोपियों को अब अलग-अलग जेलों में शिफ्ट किया जाएगा। इस संबंध में कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं, झारखंड के आईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल ने आदेश जारी किया है।
आईजी कार्यालय से जारी आदेश की प्रति बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह को डाक के माध्यम से भेजी गई है।
किस आरोपी को किस जेल में भेजा जाएगा?
आदेश के अनुसार –
बिनोद खोपड़ी को चाईबासा जेल
मुकेश राय को मधुपुर जेल
दीपक मोदी को घाटशिला जेल
अभिषेक कुमार पासवान उर्फ भोलू को सिमडेगा जेल
में स्थानांतरित किया जाएगा।
सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि गोपनीय प्रतिवेदन के आधार पर जेल सुरक्षा एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण से यह निर्णय लिया गया है। शिफ्टिंग से पहले संबंधित न्यायालय से अनुमति लेने और स्थानांतरण के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 10 दिसंबर को हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-8 से जयंत सिंह का अपहरण कर लिया गया था। उसी दिन उनकी पत्नी ने वायरल ऑडियो क्लिप का हवाला देते हुए अपहरण का मामला दर्ज कराया था, जिसमें जयंत और आरोपी बिनोद के बीच विवाद की बात सामने आई थी।
पुलिस जब बिनोद के घर पहुंची तो वह फरार मिला, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई। बाद में पुलिस ने बिनोद को भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 15 दिसंबर को गिरिडीह से जयंत सिंह का शव बरामद किया गया। शव पर गंभीर जख्म के निशान पाए गए, जिससे निर्मम हत्या की पुष्टि हुई।
इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में चास जेल भेज दिया गया था।