मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना: धनबाद में 96 आवेदनों की समीक्षा, गंभीर रोगियों को मिली आर्थिक सहायता की मंजूरी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ी जाति के जरूरतमंद लाभुकों को चिकित्सा अनुदान देने को लेकर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त कुल 96 आवेदनों पर विचार किया गया। इनमें टुंडी प्रखंड से 70, तोपचांची से 13, बाघमारा से 7, बलियापुर से 3, एग्यारकुंड से 2 तथा गोविंदपुर से 1 आवेदन शामिल थे।
समीक्षा के उपरांत समिति द्वारा गंभीर रोगों से पीड़ित लाभुकों को आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
कैंसर से पीड़ित लाभुकों को ₹25,000, जबकि हृदय रोग एवं डिस्लिप्रिडेनिया से पीड़ित आवेदकों को ₹5,000-₹5,000 की सहायता राशि स्वीकृत की गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन बीमारियों का इलाज संभव है, उनका उपचार सदर अस्पताल, धनबाद में कराया जाएगा। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत कैंसर मरीजों को अधिकतम ₹25,000 तथा अन्य गंभीर बीमारियों के लिए ₹3,000 से ₹5,000 तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
इस बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन के अलावा टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी जियाउल अंसारी, धनबाद विधायक प्रतिनिधि बाल मुकुंद राम सहित जिला स्तरीय समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।