धनबाद में लोन रिकवरी एजेंट की हत्या से सनसनी, 1 करोड़ के विवाद में विकास खंडेलवाल ने की अमित अग्रवाल की हत्या
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद में लोन रिकवरी एजेंट अमित कुमार अग्रवाल की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को सदर थाना क्षेत्र स्थित सूर्य हाइलैंड सोसाइटी में विकास खंडेलवाल के आवास से अमित अग्रवाल का शव बरामद किया गया।

मृतक के परिजनों ने पहले ही अमित अग्रवाल के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अमित के मोबाइल फोन से 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर जांच तेज की।
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम ने बताया कि मोबाइल लोकेशन के आधार पर विकास खंडेलवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर अमित अग्रवाल का शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतक के बीच करीब एक करोड़ रुपये के लोन सेटलमेंट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने अमित अग्रवाल की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
शनिवार देर शाम हुए अपहरण और रविवार को शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है।