धनबाद: पुलिस की सख्ती बेअसर, बाघमारा की सड़कों पर ‘फैंसी नंबर प्लेट’ का टशन जारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद। कोयलांचल में ट्रैफिक नियमों को ठेंगा दिखाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। धनबाद पुलिस की ओर से हाल के दिनों में की गई सख्त कार्रवाई के बावजूद बाघमारा क्षेत्र में नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सड़कों पर आज भी कई वाहन बिना वैध नंबर प्लेट या फैंसी नामों के साथ दौड़ते नजर आ रहे हैं।
नंबर प्लेट गायब, ‘विवेक गेमिंग’ लिखा स्कॉर्पियो बना चर्चा का विषय
ताज़ा मामला बाघमारा के ईस्ट बसुरिया ओपी अंतर्गत निचीतपुर टाउनशिप इलाके का है, जहां एक स्कॉर्पियो वाहन लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वाहन के आगे और पीछे रजिस्ट्रेशन नंबर की जगह बड़े अक्षरों में ‘विवेक गेमिंग’ लिखा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक वाहन का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर JH01 DK 8055 है, लेकिन चालक ने कानून को ताक पर रखकर नंबर प्लेट को स्टाइल और रुतबे का माध्यम बना लिया है।
पुलिस की अपील और कार्रवाई का नहीं दिख रहा असर
गौरतलब है कि कुछ समय पहले धनबाद पुलिस ने ‘यादव’, ‘राजपूत’ समेत अन्य फैंसी नंबर प्लेटों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया था। उस दौरान ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह ने साफ कहा था कि
“सड़कों पर केवल मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार जारी नंबर प्लेट ही मान्य होंगी। नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई तय है।”
इसके बावजूद बाघमारा समेत कई इलाकों में युवा वर्ग खुलेआम नियमों को चुनौती देता नजर आ रहा है, जिससे पुलिस की सख्ती पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रशासन के लिए चुनौती
फैंसी नंबर प्लेट न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि अपराध की स्थिति में ऐसे वाहनों की पहचान भी मुश्किल बना देती है। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि धनबाद पुलिस इस मामले में आगे क्या ठोस कदम उठाती है।