झरिया में दिल दहला देने वाली घटना
दो माह के मासूम की हत्या का आरोप, पिता हिरासत में

झरिया/धनबाद : लोदना ओपी क्षेत्र अंतर्गत मधुबन 40 धोड़ा, मुखिया मोहल्ला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पिता पर अपने ही दो माह के मासूम पुत्र की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है।
मृतक बच्चे की मां ने लोदना ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अपने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, पति को उसके चरित्र पर शक था, जिसको लेकर आए दिन विवाद और मारपीट होती रहती थी। आरोप है कि इसी पारिवारिक कलह के दौरान आरोपी ने मासूम बच्चे की जान ले ली।
घटना की सूचना मिलते ही लोदना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। बच्चे की मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की बात कही जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।