धनबाद में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, 830 चिह्नित अपराधी सर्विलांस पर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : जिले में बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। सक्रिय और चिह्नित अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से पुलिस ने 830 अपराधियों को सर्विलांस प्रोसिडिंग के तहत निगरानी में रखा है।
इन अपराधियों में चोरी, लूट, डकैती, गृहभेदन, छिनतई और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में शामिल वे आरोपी हैं, जो पहले जेल जा चुके हैं और जिनका आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में करीब 3400 अपराधियों को जेल भेजा गया है, जिनमें धनबाद के अलावा अन्य जिलों और दूसरे राज्यों के अपराधी भी शामिल हैं। भविष्य में कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की आशंका को देखते हुए अब बाहरी जिलों और राज्यों के अपराधियों को भी सर्विलांस सूची में लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सर्विलांस प्रोसिडिंग की प्रक्रिया पूरी तरह प्रशासनिक और जांच-परखी होती है। पहले संबंधित थाना अपराधी का विस्तृत विवरण तैयार करता है, जिसे डीएसपी के माध्यम से सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी को भेजा जाता है। इसके बाद एसएसपी की रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जाती है और स्वीकृति मिलने के बाद अपराधी को आधिकारिक रूप से सर्विलांस सूची में शामिल किया जाता है।
सर्विलांस में शामिल अपराधियों के खिलाफ पुलिस को विशेष अधिकार प्राप्त होते हैं। पुलिस किसी भी समय तलाशी, थाना में बुलाने और उनकी गतिविधियों, संपर्कों व मूवमेंट पर लगातार निगरानी रख सकती है, ताकि किसी भी आपराधिक साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके।
इस संबंध में एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि सर्विलांस में शामिल 830 अपराधियों के जमानतदारों का भी सत्यापन किया जा रहा है। यदि कोई जमानतदार फर्जी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मानना है कि इस अभियान से अपराधियों में खौफ बनेगा और जिले में शांति व्यवस्था मजबूत होगी।