अवैध कोयले के खिलाफ CISF–ECL की बड़ी कार्रवाई, 75 टन कोयला व वाहन जब्त

अवैध कोयले के खिलाफ CISF–ECL की बड़ी कार्रवाई, 75 टन कोयला व वाहन जब्त

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

निरसा (धनबाद):
निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवियाना गांव में अवैध कोयले के भंडारण के खिलाफ सीआईएसएफ और ईसीएल सुरक्षा कर्मियों ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में करीब 75 टन अवैध कोयला, एक पिकअप वैन और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी बंगाल के शीतलपुर क्षेत्र की CISF टीम एवं ECL मुगमा क्षेत्र के सुरक्षा अधिकारियों द्वारा देवियाना गांव के पूरब जंगल स्थित हरि मंदिर के समीप की गई। मौके से एक पिकअप वैन में लदा लगभग एक टन कोयला, दो पुरानी मोटरसाइकिलों पर लदा कोयला तथा आसपास खुले स्थान में भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित कोयला बरामद किया गया।
कुल मिलाकर कार्रवाई के दौरान लगभग 75 टन अवैध कोयला जब्त किया गया है। जब्त वाहनों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत निरसा थाना में आवेदन के साथ सौंप दिया गया है, वहीं बरामद कोयले को चापापुर कोयला डिपो में सुरक्षित रखवाया गया है।
अधिकारियों द्वारा पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस अवैध भंडारण और परिवहन के पीछे पुराने कोयला तस्करों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि यह पूरी कार्रवाई निरसा थाना से महज एक किलोमीटर की दूरी पर हुई, इसके बावजूद स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी, जिससे अब पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

About Author

error: Content is protected !!