सिंह मेंशन में बमबाजी से दहशत, अमन गिरोह के शंकर ने ली जिम्मेदारी, पर्चा वायरल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : सरायढेला थाना क्षेत्र के स्टील गेट स्थित झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास ‘सिंह मेंशन’ में रविवार देर रात करीब 11:30 बजे अज्ञात अपराधियों ने बमबाजी की। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार अपराधियों ने पहला बम सिंह मेंशन की चहारदीवारी के भीतर और दूसरा बम बाहर फेंका। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन बम धमाके से आसपास के लोग सहम गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी समेत सरायढेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पर्चा वायरल, धमकी से बढ़ी चिंता
बमबाजी के बाद एक धमकी भरा पर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अमन सिंह गिरोह के शंकर नामक व्यक्ति ने घटना की जिम्मेदारी ली है। पर्चे में लिखा गया है कि
“जिस धरती पर अमन का खून गिरा, उसे बंजर बना देंगे।”
इसके साथ ही धनबाद के कोयला और लोहा कारोबारियों को रंगदारी देने की धमकी भी दी गई है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पर्चे की सत्यता की जांच की जा रही है। बम कम तीव्रता के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
घटना के बाद से इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी इस घटना को लेकर हलचल तेज हो गई है।