धनबाद: सिंह मेंशन पर बमबाजी, विधायक आवास को बनाया निशाना
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद। सरायढेला थाना क्षेत्र के स्टील गेट स्थित झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास ‘सिंह मेंशन’ पर देर रात करीब 11:30 बजे अज्ञात अपराधियों ने बमबाजी कर इलाके में दहशत फैला दी।
अपराधियों ने पहला बम सिंह मेंशन की चहारदीवारी के भीतर फेंका, जो उस स्थान पर फटा जहाँ अक्सर विधायक रागिनी सिंह, पूर्व विधायक संजीव सिंह और उनके परिजन बैठते हैं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना के समय विधायक रागिनी सिंह, उनके पति पूर्व विधायक संजीव सिंह सहित परिवार के सभी सदस्य आवास में ही मौजूद थे।
दूसरा बम अपराधी अंदर फेंकने में सफल नहीं हो सके और वह सिंह मेंशन के मुख्य गेट के बाहर ही फट गया। लगातार हुए धमाकों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। धनबाद पुलिस हर एंगल से घटना की तफ्तीश में जुटी हुई है, वहीं आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह आगामी धनबाद नगर निगम मेयर चुनाव में उम्मीदवार हैं और 3 फरवरी को नामांकन करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। ऐसे में नामांकन से ठीक पहले हुई इस बमबाजी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।