धनबाद में व्यवसायी ने की आत्महत्या, पारिवारिक विवाद के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भेलाटांड स्थित ट्रिनिटी गार्डन ए-ब्लॉक अपार्टमेंट में रहने वाले 58 वर्षीय व्यवसायी फाल्गुनी मुखर्जी ने रविवार रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलने पर सर्किल इंस्पेक्टर सीमा कुमारी एवं बरवाअड्डा थाना के एसआई नागेश श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, फाल्गुनी मुखर्जी रोज़ की तरह हीरापुर विवेकानंद चौक स्थित अपनी बैग की दुकान बंद कर घर लौटे थे। भोजन करने के बाद वे अपने कमरे में चले गए। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे तक जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों ने आवाज़ लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा खोलने पर वे पंखे से प्लास्टिक रस्सी के सहारे फंदे में लटके मिले।
सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया। जांच के दौरान मृतक के कमरे से प्लास्टिक रस्सी, एक बोतल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
इस संबंध में एसआई नागेश श्रीवास्तव ने बताया कि आत्महत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती थी और पूर्व में मामला थाना तक भी पहुंच चुका था। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।