बार एसोसिएशन का रास्ता बंद होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश अनिश्चितकालीन न्यायिक कार्य बहिष्कार का ऐलान

बार एसोसिएशन का रास्ता बंद होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश
अनिश्चितकालीन न्यायिक कार्य बहिष्कार का ऐलान

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद :सदर अस्पताल परिसर के भीतर स्थित धनबाद बार एसोसिएशन तक जाने वाले मुख्य मार्ग को जिला प्रशासन द्वारा बाउंड्री वॉल बनाकर बंद किए जाने से अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी है। अधिवक्ताओं का कहना है कि वर्षों से इसी रास्ते का उपयोग आवागमन और वाहन पार्किंग के लिए किया जाता रहा है, लेकिन बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के मार्ग को अचानक बंद कर देना पूरी तरह अनुचित है।


रास्ता बंद किए जाने के विरोध में बुधवार को धनबाद बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर से रणधीर वर्मा चौक तक जोरदार विरोध मार्च निकाला। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द समाधान की मांग की।
अधिवक्ताओं का कहना है कि बार एसोसिएशन का भवन भी इसी मार्ग से जुड़ा हुआ है। ऐसे में रास्ता बंद होने से न केवल वकीलों को, बल्कि न्यायालय में आने वाले आम नागरिकों, मुवक्किलों और बुजुर्गों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को लेकर कई बार जिला प्रशासन से वार्ता की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही दिया गया। अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकलने से अधिवक्ताओं में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
बार एसोसिएशन के महासचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि अधिवक्ता हमेशा प्रशासन और न्यायिक व्यवस्था के सहयोगी रहे हैं, लेकिन प्रशासन का रवैया यह दर्शाता है कि अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द मार्ग बहाल नहीं किया गया, तो गुरुवार से धनबाद में अनिश्चितकालीन न्यायिक कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
वहीं, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधे गोस्वामी ने भी जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

About Author

error: Content is protected !!