अज्ञात हाइवा की चपेट में आने से दिहाड़ी मजदूर की मौत, मुआवजा व नियोजन की मांग को लेकर ग्रामीणों का हंगामा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!निरसा (धनबाद) : निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत ईसीएल मुगमा एरिया के चापापुर टू कोलियरी मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। कंपनी के अंतर्गत चल रहे एक अज्ञात हाइवा की चपेट में आने से सोनवाद पंचायत के कोड़ाडंगाल निवासी दिहाड़ी मजदूर मिथुन कुंभकार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और 15 लाख रुपये मुआवजा एवं एक परिजन को नियोजन की मांग को लेकर कंपनी का कार्य पूरी तरह ठप कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी द्वारा ग्रामीण सड़क का इस्तेमाल भारी वाहनों के परिचालन के लिए किया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं।
न तो सड़क पर पर्याप्त लाइट की व्यवस्था है और न ही सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं। इसी लापरवाही के कारण यह दुखद हादसा हुआ।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक प्रबंधन की ओर से सकारात्मक वार्ता नहीं होती, तब तक शव को घटनास्थल से नहीं हटाया जाएगा और आंदोलन जारी रहेगा।
फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जबकि पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर हालात को संभालने की कोशिश में जुटे हैं।