निरसा में उड़ीसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मां कामाख्या ज्वेलर्स पर छापेमारी, आभूषण जब्त, दो गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
निरसा भलजोरिया रोड स्थित मां कामाख्या ज्वेलर्स में गुरुवार को उड़ीसा पुलिस ने बड़ी छापेमारी की। निरसा पुलिस के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में दुकान और उसके नीचे बने गोदाम से आभूषण जब्त किए गए हैं, जबकि दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

छापेमारी के बाद दुकान और गोदाम दोनों को सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई उड़ीसा में हुई सोना लूट की एक बड़ी घटना से जुड़ी हुई बताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में एमपीएल ओपी क्षेत्र के एक व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। इसी कड़ी में उड़ीसा पुलिस की टीम निरसा पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान निरसा थाना और एमपीएल ओपी की पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस गोदाम के भीतर गहन तलाशी ले रही थी और संदिग्ध आभूषणों को जब्त किया गया। कार्रवाई पूरी होने के बाद गोदाम में ताला लगाकर सील कर दिया गया।
मीडिया द्वारा सवाल किए जाने पर अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी और जांच की प्रक्रिया अभी जारी है। पूरी कार्रवाई समाप्त होने के बाद ही आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल पुलिस की ओर से कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इस घटना के बाद निरसा और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। अब सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई और आधिकारिक पुष्टि पर टिकी हुई हैं।