काले शीशे और मॉडिफाइड नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो पर ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई, वाहन जब्त

काले शीशे और मॉडिफाइड नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो पर ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई, वाहन जब्त

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई ट्रैफिक पुलिस, नियमों के पालन की अपील

धनबाद : बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में वाहन में अवैध रूप से काले शीशे लगे हुए थे और नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ कर उसे फैंसी मॉडिफाइड किया गया था। यह कृत्य मोटर व्हीकल अधिनियम एवं यातायात नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
वायरल वीडियो के संज्ञान में आते ही धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। सबसे पहले जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) से वाहन के पंजीकरण से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई गई, जिसके आधार पर वाहन मालिक की पहचान की गई।
जांच के बाद ट्रैफिक पुलिस ने धनसार थाना क्षेत्र के महावीर नगर स्थित वाहन मालिक के आवास पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान काले शीशे और मॉडिफाइड नंबर प्लेट लगी उक्त स्कॉर्पियो कार को बरामद किया गया। वाहन को मौके से जब्त कर ट्रैफिक थाना लाया गया।
इस संबंध में ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द सिंह ने बताया कि जब्त वाहन महेश कुमार के नाम से पंजीकृत है। वाहन को विधिवत जब्त कर लिया गया है और मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत आगे की दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैफिक डीएसपी ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। काले शीशे, मॉडिफाइड फैंसी नंबर प्लेट एवं अन्य अवैध परिवर्तनों वाले वाहनों को चिन्हित कर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। नियम तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
अंत में उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाएं और किसी भी प्रकार के अवैध मॉडिफिकेशन से बचें, ताकि सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

About Author

error: Content is protected !!