गोविंदपुर में ठगी का नया जाल: साधु या आम आदमी बनकर महिलाओं से सोने के गहने लेकर फरार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद (गोविंदपुर):
धनबाद जिले के गोविंदपुर क्षेत्र में ठगी का एक नया और बेहद शातिर तरीका सामने आया है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। दो अज्ञात ठग कभी साधु के वेश में तो कभी आम व्यक्ति बनकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं और खासकर महिलाओं को निशाना बना रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पहले पीड़ित से सामान्य बातचीत शुरू करते हैं और फिर किसी बहाने उन्हें अपने सोने के गहने उतारने के लिए कहते हैं। इसके बाद कथित तौर पर सम्मोहन (हिप्नोटाइज) जैसी स्थिति पैदा कर दी जाती है। ठग पीड़ित महिला से गहनों को कागज या पोटली में रखने को कहते हैं और कुछ समय बाद वही पोटली खोलने का निर्देश देते हैं।
जब तक पीड़ित को होश आता है, तब तक दोनों ठग मौके से फरार हो चुके होते हैं। पोटली खोलने पर असली सोने के आभूषणों की जगह नकली, सोने के रंग के आभूषण निकलते हैं।
ठगी का ताज़ा मामला 8 जनवरी 2026 का है, जो गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बरवा इलाके में सामने आया। इस घटना में पीड़ित अमित मंडल की पत्नी के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित परिवार ने गोविंदपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और ठगों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अजनबी के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।